बीकानेर में 8.70 करोड़ के जब्त मादक पदार्थ नष्ट, 15 मामलों में कार्रवाई

30 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में 8.70 करोड़ के जब्त मादक पदार्थ नष्ट, 15 मामलों में कार्रवाई

बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने विभिन्न मामलों में जब्त अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया। बुधवार को पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा की अध्यक्षता में गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में 15 अभियोगों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।

Advertisement

पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत 8 करोड़ 70 लाख 21 हजार 815 रुपये बताई गई है। निस्तारण की कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया और न्यायालय एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई।

इतनी मात्रा में मादक पदार्थ नष्ट

पुलिस के अनुसार निस्तारण के दौरान 37.457 किलोग्राम डोडा पोस्त, 2.115 किलोग्राम गांजा, 2.37 ग्राम एमडी, 116.15 ग्राम स्मैक और 12.41 ग्राम एमडीएमए नष्ट किया गया। ये मादक पदार्थ अलग-अलग मामलों में पुलिस द्वारा जब्त किए गए थे।

ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में कार्रवाई

मादक पदार्थों के निस्तारण के लिए गठित कमेटी में पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़, पुलिस निरीक्षक (अपराध सहायक) सुभाष बिजारणियां सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण कर न्यायालय और विभागीय दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की गई। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य जब्त अवैध मादक पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण करना और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को प्रभावी बनाना है।

Advertisement
Share: