बीकानेर: नयाशहर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस की नाकाबंदी के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार वाहन ने सरकारी गाड़ी और बैरिकेड्स को टक्कर मार दी। पुलिस ने चालक पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों की जान खतरे में डालने का आरोप लगाया है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार 29 जुलाई 2026 की रात करीब 12:27 बजे करमीसर तिराहे पर नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार अपनी सरकारी गाड़ी के साथ ड्यूटी पर मौजूद थे। तभी महाराष्ट्र नंबर MH-04-LJ-9797 की ईसूजू तेज गति से आई और सरकारी वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर लगाए गए बैरिकेड्स भी टूट गए।
पुलिस का आरोप है कि चालक ने पुलिस जाब्ते की जान को खतरे में डालते हुए सरकारी कार्रवाई में बाधा पहुंचाई। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा पीडीपीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जांच उपनिरीक्षक मनजीत कौर को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



