राखी भेजने से पहले जान लें ये खबर! डाक विभाग ने बदल दी पूरी व्यवस्था

29 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने बहनों के लिए विशेष पहल शुरू की है। बीकानेर मंडल के सभी डाकघरों में अब वाटरप्रूफ राखी लिफाफे और विशेष राखी बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे बारिश के मौसम में भी राखी सुरक्षित रूप से भाइयों तक पहुंच सकेगी।

डाक विभाग के अनुसार रक्षाबंधन के दौरान राखी की बुकिंग, पंजीकरण और वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए डाकघरों में अतिरिक्त काउंटर भी संचालित किए जाएंगे, ताकि बहनों को राखी भेजने में परेशानी न हो।

बारिश में भी सुरक्षित रहेगी राखी

वाटरप्रूफ लिफाफों की सुविधा से डाक के दौरान बारिश के कारण राखी खराब होने की संभावना कम हो जाएगी। विभाग ने छोटे (11×22 सेमी) और बड़े (15×26 सेमी) आकार के लिफाफों के साथ 150×260×52 मिमी आकार का विशेष राखी बॉक्स भी उपलब्ध कराया है।

विदेशों में भी भेज सकेंगे राखी

डाक विभाग ने विदेशों में रहने वाले भाइयों तक राखी पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पैकेट सेवा शुरू की है। इसके तहत 30 से अधिक देशों में रियायती दरों पर राखी भेजी जा सकेगी।

विभाग के अनुसार थाईलैंड सहित कई देशों में करीब 185 रुपये तथा अमेरिका में लगभग 400 रुपये में राखी भेजने की सुविधा उपलब्ध है। इस सेवा में ट्रैकिंग, वाटरप्रूफ पैकिंग और स्पीड पोस्ट जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।

28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन

गौरतलब है कि इस वर्ष रक्षाबंधन पर्व 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। डाक विभाग ने बहनों से अपील की है कि वे समय रहते राखी बुक कराएं, ताकि राखी समय पर और सुरक्षित रूप से भाइयों तक पहुंच सके।

Share: