बीकानेर में गर्भवती महिला पर हमला! घर में घुसकर मारपीट, लूट और दुष्कर्म की धमकी का आरोप

16 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में गर्भवती महिला पर हमला, घर में घुसकर मारपीट और दुष्कर्म की धमकी का आरोप

बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र की सूरज कॉलोनी में एक गर्भवती महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने, जान से मारने की धमकी और दुष्कर्म की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार 14 जुलाई की रात करीब 8 बजे प्रेम सिंह राजपूत, हरिओम सिंह तथा तीन-चार अन्य लोग जबरन उसके घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने उसके साथ मारपीट करते हुए मकान में रहने को लेकर विवाद किया।

महिला ने बताया कि उसकी चीख-पुकार सुनकर उसका एक रिश्तेदार बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। आरोप है कि हमलावर महिला के गले से सोने की चेन और जेब में रखे 6 हजार रुपये भी छीनकर ले गए।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने गर्भवती महिला के पेट में लात मारी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। साथ ही जातिसूचक गालियां दीं, जान से मारने और जिंदा जलाने की धमकी दी। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उसके रिश्तेदार के सामने उसके साथ दुष्कर्म करने की धमकी भी दी।

जेएनवीसी थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सीओ सुखदेव सिंह को सौंपी गई है।

Share: