बीकानेर में 40 बच्चों से भरी कैंपर पलटी, 16 घायल; 11 बीकानेर रेफर, 3 की हालत गंभीर

13 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। बीकानेर के पूगल क्षेत्र में गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर ले जा रही कैंपर गाड़ी अचानक पलट गई। हादसे के समय कैंपर में करीब 40 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में 16 बच्चे और एक टीचर घायल हुए हैं। सभी घायलों को पूगल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 11 बच्चों को बीकानेर रेफर किया गया। इनमें 3 बच्चों के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है।

स्कूल से छुट्टी के बाद 40 बच्चों को लेकर जा रही थी कैंपर

जानकारी के अनुसार शिव बाल विद्या मंदिर स्कूल के बच्चों को घर पहुंचाने के लिए कैंपर गाड़ी लगी हुई है। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद करीब 40 बच्चों को लेकर कैंपर जा रही थी। इसी दौरान पूगल क्षेत्र में कैंपर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कैंपर में सवार अधिकांश बच्चे पूगल क्षेत्र के देवासर गांव और आसपास की चक-ढाणियों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

16 बच्चे और एक टीचर घायल

हादसे के बाद घायलों को तत्काल पूगल हॉस्पिटल ले जाया गया। घायलों की उम्र करीब 5 से 15 साल के बीच बताई जा रही है। हादसे में टीचर टीनूं कंवर सहित कई बच्चे घायल हुए हैं।

घायलों में आईना पुत्री सत्यनारायण गोदारा, दीपक पुत्र राज भार्गव, वद्र्धमान सिंह पुत्र कालू सिंह, गौरव पुत्र जगदीश, शिवा पुत्र योगेंद्र सिंह, गरीमा पुत्र छेलू सिंह, दिव्या पुत्र महेंद्र सिंह, संध्या पुत्र राजपाल, जयंत पुत्र माणचंद, लक्ष्मी पुत्री योगेंद्र सिंह, पूनम सिंह पुत्र अमर सिंह, लोकेंद्र पुत्र माणक चंद, सुरेश पुत्र बलराम, गोविन्द सिंह पुत्र सवाई सिंह और रवि कांत पुत्र बलराम शामिल हैं।

11 बच्चों को बीकानेर किया रेफर

पूगल हॉस्पिटल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद 11 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर किया गया। इनमें तीन बच्चों के सिर में गंभीर चोट लगी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अन्य घायलों का उपचार पूगल हॉस्पिटल में किया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजन

कैंपर पलटने की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजनों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में परिजन बच्चों की कुशलक्षेम जानने के लिए पूगल हॉस्पिटल पहुंचने लगे। अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई।

फिलहाल कैंपर किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

हादसे के बाद स्कूल बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की सुरक्षा और क्षमता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share: