बीकानेर होटल के बार से 28 लाख रुपए गायब, दो कर्मचारियों पर शक; पुलिस ने केस दर्ज किया

08 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र स्थित राज विलास होटल के बार से करीब 28 लाख रुपए की नकदी गायब होने का मामला सामने आया है। होटल मैनेजर नानूराम मेघवाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने होटल में काम करने वाले जयप्रकाश और नितेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

चाबी देकर घर गए थे मैनेजर

पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार मैनेजर नानूराम मेघवाल ने बताया कि जयप्रकाश और नितेश कुमार होटल के बार में काम करते हैं। 5 अक्टूबर की रात करीब 11:10 बजे वह बार और काउंटर की चाबी देकर घर चले गए थे।

अगले दिन बार की चाबी नहीं मिली

6 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे होटल पहुंचने पर मैनेजर ने बार की चाबी मांगी। कर्मचारियों ने बताया कि संबंधित कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आए थे। इसके बाद मैनेजर ने बार और स्टाफ रूम में चाबी तलाश की, लेकिन चाबी नहीं मिली।

लॉकर से 28 लाख रुपए गायब

रिपोर्ट के अनुसार, बाद में बार के अंदर चाबी मिली। बार का लॉकर चेक करने पर होटल की करीब 28 लाख रुपए की नकदी गायब मिली। मैनेजर ने घटना की जानकारी होटल मालिक को दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में मैनेजर की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने जयप्रकाश और नितेश कुमार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और नकदी गायब होने के मामले में दोनों कर्मचारियों की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Advertisement
Share: