सुबह से शाम तक है राखी बांधने का मुहूर्त,रंग-बिरंगी राखियों से सजे बाजार

27 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही बीकानेर के प्रमुख बाजार रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से सज गए हैं। दुकानों पर बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक से लेकर आधुनिक डिजाइन की राखियों की बड़ी रेंज उपलब्ध है। राखी खरीदने को लेकर बहनों में उत्साह नजर आने लगा है।

Advertisement

₹5 से ₹900 तक की राखियां

राखी विक्रेता पीयूष के अनुसार बाजार में हर वर्ग और बजट को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग रेंज की राखियां उपलब्ध हैं। सामान्य राखियों से लेकर डिजाइनर और आकर्षक राखियों की कीमत 5 रुपए से लेकर 900 रुपए तक है।

दुकानदारों ने इस बार ग्राहकों की पसंद के अनुसार कार्टून कैरेक्टर, रुद्राक्ष, मोती, चंदन, स्टोन और अन्य आकर्षक डिजाइन वाली राखियों का विशेष स्टॉक मंगवाया है।

बच्चों की पहली पसंद बनी कार्टून राखियां

छोटे बच्चों के लिए बाजार में कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों की बड़ी रेंज उपलब्ध है। इनमें स्पिनर, घड़ी, लाइटिंग और बच्चों के पसंदीदा किरदारों वाली राखियां शामिल हैं। रंग-बिरंगे डिजाइन और आकर्षक सजावट वाली राखियां बच्चों को खूब पसंद आ रही हैं।

वहीं युवाओं के लिए स्टाइलिश और डिजाइनर राखियां उपलब्ध हैं। पारंपरिक राखियों में रुद्राक्ष, चंदन और मोती वाली राखियों की भी अच्छी मांग बनी हुई है।

राखी के साथ गिफ्ट कॉम्बो की बढ़ी मांग

बाजार में राखियों के साथ चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स पैक और अन्य छोटे उपहार भी उपलब्ध हैं। कई दुकानदारों ने राखी के साथ विशेष गिफ्ट कॉम्बो तैयार किए हैं, ताकि ग्राहक एक ही जगह से राखी और भाई के लिए उपहार खरीद सकें।

दुकानदारों के अनुसार राखी के साथ गिफ्ट खरीदने का चलन बढ़ने से चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स और अन्य गिफ्ट आइटम की बिक्री में भी तेजी आने लगी है।

ऑनलाइन दौर में भी बाजारों की रौनक बरकरार

बदलते समय के साथ दूसरे शहरों और राज्यों में रहने वाले भाइयों तक राखी पहुंचाने के लिए ऑनलाइन ऑर्डर का चलन बढ़ा है। बहनें घर बैठे राखी, चॉकलेट और गिफ्ट पैक पसंद कर ऑनलाइन ऑर्डर कर रही हैं, जिन्हें डिलीवरी के माध्यम से सीधे भाई के पते तक पहुंचाया जा रहा है।

इसके बावजूद बीकानेर के बाजारों में जाकर अपनी पसंद की राखी खरीदने का उत्साह आज भी बरकरार है और त्योहार नजदीक आने के साथ बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

28 अगस्त को राखी बांधने के शुभ मुहूर्त

ज्योतिषाचार्य पं. भैरूरतन बोहरा के अनुसार रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए सुबह से शाम तक कई शुभ मुहूर्त रहेंगे।

सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त: सुबह 6:15 बजे से 9:25 बजे तक।

अन्य शुभ समय: दोपहर 12:38 बजे से 2:14 बजे तक तथा शाम 5:26 बजे से 7:02 बजे तक।

राखी बांधने के चौघड़िया मुहूर्त

चर व लाभ: सुबह 7:26 बजे से 9:48 बजे तक।

अमृत: सुबह 9:48 बजे से 10:53 बजे तक।

अभिजीत एवं शुभ मुहूर्त: दोपहर 12:28 बजे से 2:03 बजे तक।

चर (संध्याकालीन): शाम 5:12 बजे से 6:47 बजे तक राखी बांधने के लिए शुभ समय माना गया है।

Share: