बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र की रामपुरा बस्ती में दुकान पर बैठे एक व्यक्ति पर पाइप और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में दुकानदार के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए काउंटर को भी नुकसान पहुंचाया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में रामपुरा बस्ती गली नंबर 4 निवासी शेराराम चौधरी ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठकर फोन चला रहा था। इसी दौरान रात करीब 8:53 बजे कुछ लोग दुकान पर आए और पाइप व लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया।
परिवादी के अनुसार हमले में उसके सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोपियों ने दुकान में भी तोड़फोड़ की, जिससे काउंटर टूट गया। घटना के बाद परिवादी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
रिपोर्ट के अनुसार परिवादी ने 25 सितंबर को पुलिस थाने में सूचना दी थी। इसके बाद दो दिन तक आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने के बाद उसने एक आरोपी की पहचान शहजाद पुत्र सलीम, निवासी गली नंबर 12 के रूप में बताई।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल मुकेश को सौंपी गई है। पुलिस घटना के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।






