बीकानेर में घर में घुसकर मारपीट, आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
बीकानेर. सदर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना पुलिस के अनुसार सुभाषपुरा निवासी विजयसिंह चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी ने बताया कि 30 जून 2026 की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच आरोपी उनके घर पहुंचे और उनकी पुत्री इच्छा चौहान, पत्नी मीनू तथा माता राजश्री के साथ मारपीट व धक्का-मुक्की करने लगे।
लोहे की रॉड से हमला, सिर पर आए छह टांके
रिपोर्ट के अनुसार जब परिवादी परिवार को बचाने पहुंचे तो आरोपी हर्षित और ललित ने जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान छह टांके लगाने पड़े।
परिवादी ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी जबरन घर में घुस गए और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की।
इन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने हर्षित, ललित, चंचल, डिंपल, श्यामा देवी, रति, प्रीति सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 189, 115(2), 126(2), 333 के तहत मामला दर्ज किया है।




