बीकानेर. सदर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर चाकू, सरियों और डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रथखाना कॉलोनी स्थित बारदाना गली निवासी प्रीतम रेगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जुलाई की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच सोनू, कार्तिक, पहलाद तथा अन्य परिजन उसके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी आरोपी शराब के नशे में थे और उन्होंने चाकू, सरियों व डंडों से उसके बच्चों पर हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार शोर सुनकर जब प्रीतम नीचे आया तो आरोपी सोनू ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई। इसके अलावा दाहिने हाथ के अंगूठे के पास, पसलियों के दाहिने हिस्से और पीठ पर भी चोटें आईं। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया।
सदर थाना पुलिस ने प्रीतम रेगर की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एसआई शिवकुमार को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।




