बीकानेर में घर बनाने से रोका! जातिसूचक गालियां देकर धमकाने का आरोप, कई लोगों पर केस दर्ज
बीकानेर: जिले के उदासर क्षेत्र में एक महिला ने घर निर्माण के दौरान जातिसूचक गालियां देने, दीवार तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीवार तोड़ने और अपमानित करने का आरोप
पुलिस के अनुसार परिवादिया राधा देवी ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि आरोपी एक ग्रे रंग की कार में आए और जानबूझकर उसके प्लॉट की दीवार में टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने धमकी दी कि यदि वहां मकान बनाया गया तो हाथ-पैर तोड़ देंगे और जान से मार देंगे।
एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर केसूराम भाट, ओमाराम भाट तथा अन्य महिलाओं सहित नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जांच जारी
मामले की जांच एससी/एसटी सेल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




