बीकानेर। शहर के व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में शिवबाड़ी चौराहे के पास एक कार में युवक का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान कपूरीसर निवासी रामप्रताप सियाग के रूप में हुई है।
कार की ड्राइवर सीट पर मिला शव
थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार, युवक का शव कार की ड्राइवर सीट पर मिला। पुलिस को कार के अंदर शराब की बोतल और ग्लास भी मिले हैं। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।
नशे की ओवरडोज की आशंका
पुलिस प्रथमदृष्टया नशे की ओवरडोज को मौत की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।






