बीकानेर में दुकान पर हमला, गर्भवती बेटी के पेट पर लात मारने का आरोप; 9 लोगों पर केस
बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र के चौखूंटी इलाके में दुकान पर बैठे व्यक्ति के साथ लाठी-डंडों और थाप-मुक्कों से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी और गर्भवती बेटी के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीसी के रुपए को लेकर शुरू हुआ विवाद
सांसियों का मोहल्ला, राणीसर बास निवासी छोटूराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता रेखाराम समाज में वीसी (लोटरी) का काम करते थे। रिपोर्ट के अनुसार रामेश्वर सांसी ने वीसी के रुपए ले रखे थे और बाद में रुपए लौटाने से मना कर दिया।
आरोप है कि 14 सितंबर को छोटूराम के पिता को जयमलसर राजीनामे के लिए बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। पिता द्वारा बीकानेर आकर घटना बताने के बाद छोटूराम ने रामेश्वर और उसके भाइयों से इसका उलाहना दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और उसे व उसके परिवार को धमकी देने का आरोप है।
दुकान पर पहुंचकर लाठी-डंडों से मारपीट
रिपोर्ट के अनुसार 15 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे छोटूराम अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान मनोज पुत्र रामेश्वर, मनोज पुत्र लूणाराम, माया पत्नी मनोज, छोटू पुत्र साहूराम, संजय पुत्र पूनम, कालू पुत्र विश्नाराम, लूणाराम पुत्र साहूराम, मुन्नीराम पुत्र साहूराम और पूनम पुत्र साहूराम सहित कई लोग कथित तौर पर एकराय होकर दुकान पर पहुंचे।
आरोप है कि सभी ने लाठी और थाप-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मनोज पुत्र लूणाराम ने छोटूराम के सिर पर लाठी से वार किया, जिससे उसके सिर में चोट लगी।
बचाने आई पत्नी और गर्भवती बेटी से भी मारपीट का आरोप
छोटूराम के अनुसार मारपीट होता देखकर उसकी पत्नी मंजू और गर्भवती बेटी नेहा उसे बचाने पहुंचीं। आरोप है कि आरोपियों ने दोनों के साथ भी मारपीट की। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि मनोज पुत्र लूणाराम और रामेश्वर ने गर्भवती नेहा के पेट पर लात मारी, जिससे वह नीचे गिर गई और दर्द से चीखने लगी।
शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद परिजन घायल छोटूराम को अस्पताल लेकर गए।
दुकान में तोड़फोड़ और गल्ले से रुपए ले जाने का आरोप
रिपोर्ट में दुकान में तोड़फोड़ करने और गल्ले से करीब 1500 रुपए निकालकर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस द्वारा किए गए नजरी मुलाहिजे में छोटूराम के सिर पर अस्पताल की सफेद पट्टी बंधी मिली। उसने मुंह के ऊपर के दांत में दर्द होना भी बताया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल राकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस घटना से जुड़े आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।




