बीकानेर में 12.8 किलो डोडा-पोस्त बरामद! पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा
श्रीडूंगरगढ़: बीकानेर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.8 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा (डोडा पोस्त) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई श्रीडूंगरगढ़-ठुकरियासर रोड पर जय भैरूनाथ होटल के पास की गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 12.8 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ, जिसे मौके पर जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामधन मोटसरा पुत्र कालूराम जाट, निवासी ठुकरियासर तथा राजेश, निवासी राजलदेसर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15 एवं 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच नापासर थानाधिकारी सुषमा को सौंपी गई है।




