बीकानेर। जिले के हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे मिशन पढ़ो राजस्थान के अंतर्गत निःशुल्क यूनिफॉर्म राशि डीबीटी योजना के तहत बीकानेर जिले के 76 हजार पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में 7 करोड़ 64 लाख रुपए की राशि जमा करवाई गई है।
बुधवार को भरतपुर के खेड़ली गुर्जर स्थित बालिका सैनिक स्कूल में मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में रीडिंग प्रमोशन कैंपेन-2026 एवं निःशुल्क यूनिफॉर्म राशि डीबीटी का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रीडिंग प्रमोशन कैंपेन-2026 का पोस्टर विमोचन कर अभियान का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 250 करोड़ रुपए की निःशुल्क यूनिफॉर्म राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
बीकानेर में 76 हजार विद्यार्थियों को मिला लाभ
बीकानेर जिले में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम रवीन्द्र रंगमंच में हुआ, जहां राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और अधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विद्यालय भवन, छात्रावास और लैब निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही छात्रावास परियोजनाओं का लोकार्पण, विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को व्हीलचेयर वितरण और निपुण कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।
निःशुल्क यूनिफॉर्म राशि मिलने से जिले के हजारों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को आर्थिक सहायता मिलेगी।



