बीकानेर में टैक्सी चालक ने युवक को सुनसान जगह ले जाकर लूटा, आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर: जेएनवीसी थाना क्षेत्र में टैक्सी में बैठकर घर जा रहे एक युवक के साथ लूट की वारदात का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार डेलाणा छोटा निवासी मेघराज जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह डूंगर कॉलेज के पास से रामपुरा बस्ती जाने के लिए टैक्सी में बैठा था। रास्ते में टैक्सी चालक उसे मेडिकल ग्राउंड के पास सुनसान स्थान पर ले गया।
आरोप है कि वहां चालक ने उसके साथ मारपीट की और सोने की अंगूठी, चांदी का कड़ा, जेब में रखे 400-500 रुपये नकद तथा कानों में पहनी बालियां छीन लीं। मारपीट के दौरान उसके कानों में भी गंभीर चोटें आईं।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास खेल रहे बच्चों ने घायल युवक की मदद की और उसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल पहुंचाया।
जेएनवीसी थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी अनिल नायक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।




