बीकानेर। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस तथा एक थार गाड़ी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह के सुपरविजन में व्यास कॉलोनी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शिवपाल सिंह पुत्र विजय सिंह (22), निवासी रायसर को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस तथा थार वाहन बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में एएसआई विजय सिंह, कांस्टेबल हरफूल सिंह यादव, पुखराज तथा डीएसटी टीम के एएसआई दीपक यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस आरोपी से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त, उसके स्रोत और संभावित आपराधिक नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से संबंध तो नहीं है।






