बीकानेर में जीनस कंपनी के कर्मचारी ने खुद को लगाई आग, वीडियो आया सामने
बीकानेर. स्मार्ट मीटर लगाने वाली जीनस कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी द्वारा खुद को आग के हवाले करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना पूगल रोड स्थित जीनस कंपनी के कार्यालय की बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। आग से झुलसे कर्मचारी को पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
सहकर्मियों ने कंपनी प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
आग से झुलसे कर्मचारी की पहचान लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है, जो जीनस कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट बेस पर कार्यरत थे। सहकर्मियों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से कंपनी प्रबंधन द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था तथा बिना किसी स्पष्ट कारण के नौकरी से निकाल दिया गया था।
कर्मचारियों का कहना है कि लक्ष्मण सिंह ने कई बार कंपनी प्रबंधन से नौकरी से निकाले जाने का कारण पूछा, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि बुधवार को वे कंपनी कार्यालय पहुंचे और नौकरी बहाल करने की मांग की, लेकिन वहां भी कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसके बाद उन्होंने खुद पर तेल डालकर आग लगा ली।
घटना को लेकर संदेह भी जताया
सहकर्मियों ने यह भी कहा कि फिलहाल यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि आग लक्ष्मण सिंह ने स्वयं लगाई या घटना में कोई अन्य परिस्थिति भी शामिल थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पीबीएम अस्पताल में कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद बड़ी संख्या में जीनस कंपनी के कर्मचारी पीबीएम अस्पताल पहुंचे और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने दोषी अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई, पीड़ित को उचित मुआवजा, इलाज का पूरा खर्च कंपनी द्वारा वहन करने तथा स्वस्थ होने तक नियमित वेतन देने की मांग की।




