बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक ने खुद को अविवाहित बताकर उससे दोस्ती की और शादी का भरोसा देकर उसका शोषण किया। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
विधवा को शादी का झांसा देकर बनाया निशाना
जांच अधिकारी गौरव बोहरा के अनुसार धर्मनगर द्वार के बाहर, नयाशहर थाना क्षेत्र निवासी अभिजीत उपाध्याय के खिलाफ पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल भी करवाया है। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी अभिजीत फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस जांच के अनुसार पीड़िता और आरोपी की मुलाकात वर्ष 2025 में हुई थी। दोनों एक ही स्थान पर नौकरी करते थे और आरोपी वहां पहले से काम करता था। पति की मृत्यु के बाद पीड़िता पर अपने दो बच्चों की जिम्मेदारी आ गई थी, जिसके चलते उसने नौकरी शुरू की थी। इसी दौरान आरोपी ने उससे दोस्ती की और कथित तौर पर खुद को अविवाहित बताते हुए उसे अपने झांसे में लिया।
होटल में दुष्कर्म का आरोप, फिर मंदिर में रचाई शादी
जांच अधिकारी के अनुसार आरोपी अभिजीत पीड़िता को वकीलों की गली स्थित रिद्धि सिद्धि होटल एवं बार में लेकर गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। इसके बाद आरोपी ने तोलियासर भैरूं जी मंदिर में पीड़िता के साथ विवाह किया।
पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद भी आरोपी उसे खाजूवाला, श्रीडूंगरगढ़ सहित अलग-अलग स्थानों पर लेकर गया और वहां होटलों में रुककर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
सच सामने आया तो पता चला पहले से शादीशुदा है आरोपी
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि जिस युवक ने खुद को अविवाहित बताया था, वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर पीड़िता से संबंध बनाए। बाद में जब महिला को आरोपी के शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो वह हैरान रह गई।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिजीत उपाध्याय के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
रिद्धि सिद्धि होटल के लाइसेंस पर भी सवाल
जांच अधिकारी गौरव बोहरा के अनुसार वकीलों की गली स्थित रिद्धि सिद्धि होटल का लाइसेंस भी जांच के दायरे में है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2015 के बाद होटल के लाइसेंस और रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में बिना वैध लाइसेंस लोगों को होटल में ठहराए जाने के पहलू की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मामले में सामने आने वाले साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





