बीकानेर में महिला का पर्स छीनकर भागे बाइक सवार! 42 हजार रुपए थे अंदर

10 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। कोटगेट थाना क्षेत्र में बाजार में अपनी मां के साथ खरीदारी करने आई एक महिला से बाइक सवार दो युवक पर्स छीनकर फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से महिला और उसकी मां घबरा गईं। पर्स में 42 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड और अन्य सामान रखा हुआ था।

पुलिस के अनुसार छाबड़ा कॉलोनी, जयपुर रोड निवासी रुखसाना लोदी पत्नी जाहिद लोदी अपनी मां के साथ बाजार में शॉपिंग करने आई थीं। इसी दौरान रतन बिहारी पार्क के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और महिला का पर्स झपट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक बाइक से मौके से फरार हो गए।

अचानक हुई पर्स स्नैचिंग की घटना से महिला और उसकी मां सकते में आ गईं। महिला के अनुसार पर्स में 42 हजार रुपए नकद के अलावा आधार कार्ड और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद कोटगेट थाना पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अब आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बाइक सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही पुलिस घटना के संबंध में अन्य साक्ष्यों और संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है।

Share: