बीकानेर में झूलते बिजली तार से युवक की मौत, BKESL पर लापरवाही के आरोप, मुआवजे की मांग

23 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर. शहर में गुरुवार अलसुबह झूलते बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद बिजली वितरण कंपनी बीकेईएसएल (BKESL) पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में झूलते बिजली तारों की कई बार शिकायत की गई, लेकिन समय रहते उन्हें ठीक नहीं कराया गया।

रेलवे स्टेशन से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मृतक राहुल ओझा अपने रिश्तेदारों को छोड़ने रेलवे स्टेशन गया था। लौटते समय वह झूल रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राहुल परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।

कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

घटना के विरोध में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. बी.डी. कल्ला, शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल और पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका तय कर कार्रवाई करने तथा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की गई।

कलेक्टर ने जांच का दिया आश्वासन

डॉ. कल्ला ने जिला कलेक्टर से कहा कि यह हादसा सड़क के बीच गिरे बिजली तार के कारण हुआ और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार को सम्मानजनक मुआवजा मिलना चाहिए। इस पर जिला कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच करवाने और नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान प्रदेश महासचिव जिया उर रहमान आरिफ, प्रदेश प्रवक्ता साजिद सुलेमानी, शहजाद भुट्टा, आनंद सिंह सोढा, जाकिर नागौरी, नितिन वत्स, विक्की पुरोहित सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share: