बीकानेर। लूणकरणसर से गारबदेसर जा रहे एक ही परिवार के तीन सदस्य सड़क हादसे में घायल हो गए। कालू रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो कैम्पर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
बुआ के घर जा रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार झुंझुनू जिले के उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र के मावला निवासी हनुमान पुत्र बीरबलराम बंजारा ने कालू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक 23 जुलाई की शाम करीब 7:15 बजे उसके पिता बीरबलराम, माता नीला देवी और छोटा भाई रतन बंजारा हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (HR 19 R 0998) से लूणकरणसर से गारबदेसर स्थित अपनी बुआ के घर जा रहे थे। बाइक रतन चला रहा था।
सामने से आई बोलेरो कैम्पर ने मारी टक्कर
रिपोर्ट के अनुसार कालू से पहले पेट्रोल पंप के पास कालू रोड पर सामने से आ रही बोलेरो कैम्पर (RJ 07 GC 5115) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिर गए और उनके पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद बोलेरो कैम्पर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।




