छतरगढ़. छतरगढ़ थाना क्षेत्र में आधी रात मारपीट, लूटपाट और कार छीनकर ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर दो नामजद आरोपियों सहित 10-12 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप के पास कार रोककर किया हमला
पुलिस के अनुसार, रामकुमार पुत्र सुरजाराम जाट (33) निवासी जैसा, तहसील लूणकरणसर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 जुलाई की रात करीब 12 बजे वह लाखूसर स्थित पुनिया पेट्रोल पंप पर खड़ा था। इसी दौरान कैलाश पुत्र शंकरलाल जाट निवासी खारी तथा रामनारायण पुत्र भंवरलाल जाट निवासी मेहराणा ने उसकी कार को टक्कर मारकर रोक लिया।
सोने की चेन, मोबाइल, लैपटॉप और कार लूटकर फरार
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन, करीब 25 ग्राम सोने की चेन, बैग, लैपटॉप तथा उसमें रखे जरूरी दस्तावेज छीन लिए। इसके बाद आरोपी उसकी कार RJ21 GE 9890 लेकर मौके से फरार हो गए।
10-12 अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कैलाश, रामनारायण और उनके साथ मौजूद 10-12 अन्य लोगों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। छतरगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर मोहनलाल कर रहे हैं।




