छतरगढ़। छतरगढ़ थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक 65 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टोपीदार बंदूक बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात सूचना मिली कि आवा रोड स्थित 4 एडब्ल्यूएम पुलिया के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति बंदूक लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही एएसआई रामचरण मीणा, कांस्टेबल संजय, चालक मंगल सिंह तथा कांस्टेबल पारस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जोतराम बावरी पुत्र बख्तावर राम, उम्र 65 वर्ष, निवासी आवा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक टोपीदार बंदूक बरामद हुई। आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद हथियार की वैधता और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।




