छत्तरगढ़. बीकानेर पुलिस ने पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 किलो डोडा पोस्त के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गुरुवार रात नाकाबंदी के दौरान की गई।
नाकाबंदी के दौरान स्विफ्ट कार से मिला डोडा पोस्त
थानाधिकारी नवनीत सिंह धारीवाल ने बताया कि पुलिस टीम इंदिरा गांधी नहर की 585 आरडी पुलिया के नीचे नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान सत्तासर गांव की ओर से आ रही एक मारुति स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया गया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें से 30 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर वाहन को कब्जे में ले लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
मौके से पुलिस ने सलमान पुत्र सामू खां एवं मजीद खां पुत्र जुम्मे खां, निवासी बांगड़सर, तहसील बज्जू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में 465 चौकी प्रभारी एसआई मोहनलाल, एएसआई राजेश, कांस्टेबल रामपाल, राजेंद्र, संदीप तथा चालक मंगल सिंह और कांस्टेबल पारस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




