छतरगढ़। छतरगढ़ थाना क्षेत्र में 465 आरडी के पास शनिवार शाम करीब 6 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से 465 आरडी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर छतरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
थाना अधिकारी नवनीत सिंह ने बताया कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन की तलाश में क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई गई है। पुलिस वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
मृतकों की पहचान रामनगर निवासी संतोष पुत्र मोहनराम जाट और रजिराम पुत्र नत्थूराम जाट के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के बाद सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।