बीकानेर में सोलर प्लांट कर्मचारी पर हमला! 20 लाख की रंगदारी मांगी, नहीं देने पर लाठी-डंडों से पीटा
छतरगढ़: बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित आइरेक्स सोलर प्लांट से जुड़े एक कर्मचारी के साथ मारपीट कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित के पर्चा बयान के आधार पर 9 नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्यालय के बाहर किया हमला
पुलिस के अनुसार पीड़ित गाजी खां पुत्र काचवे खां आइरेक्स सोलर प्लांट कंपनी में एग्रीगेटर के पद पर कार्यरत है। कंपनी की ओर से उसे सोलर प्लांट विकसित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने का कार्य सौंपा गया है।
पीड़ित ने बताया कि 6 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने साथियों रहमत अली, असलम, मांझी खां, शौकत अली, सुल्तान, निहाल खां तथा कंपनी के प्रतिनिधि योगेश किराडू के साथ रावलपुरा स्थित कार्यालय के बाहर खड़ा था।
लाठी-डंडों से हमला, 20 लाख की मांग
आरोप है कि इसी दौरान रहमान पुत्र जमे खां, मुमताज, बरकत, आशिक, मकबूल, अरशाद, ममायार खां, अनवर, रमजान, मकसूद सहित 5-7 अन्य लोग कैंपर और मोटरसाइकिलों में सवार होकर वहां पहुंचे।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर उसके साथ मारपीट की और धमकी दी कि यदि 20 लाख रुपये नहीं दिए तो क्षेत्र में काम नहीं करने देंगे तथा जान से मार देंगे।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हमले में घायल होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद कंपनी के कर्मचारियों ने घायल गाजी खां को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
छतरगढ़ थाना पुलिस ने पीड़ित के पर्चा बयान के आधार पर नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




