पहले मारपीट और धमकी, फिर नहर में मिली युवक की लाश; परिजनों ने जताया हत्या का शक

06 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

छतरगढ़। छतरगढ़ थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी मुख्य नहर की 465-466 आरडी के पास युवक के नहर में गिरने से हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट दी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

जागरण में जाने की बात कहकर घर से निकला था युवक

मृतक के पिता जयप्रकाश पुत्र बस्तीराम, निवासी छतरगढ़ क्षेत्र, ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 4 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे उनका पुत्र लालचंद जागरण में जाने की बात कहकर घर से निकला था।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि जागरण स्थल पर पहले से मौजूद वीरेंद्र पुत्र रामेश्वर, राजू पुत्र रामलाल, लालचंद सरवन पुत्र हेतराम जाति सुथार, हरीराम पुत्र पुनाराम निवासी रानेर, सुरेंद्र सुथार निवासी 7 जीएम सहित अन्य लोगों ने लालचंद के साथ कथित रूप से मारपीट की। परिजनों ने जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और गाली-गलौज का भी आरोप लगाया है।

कपड़े फाड़कर घेरने का भी आरोप

परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान लालचंद के कपड़े फाड़ दिए गए और उसे घेरकर बैठा लिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, चंद्रभान पुत्र लालचंद ने मृतक के पिता को फोन कर मौके पर बुलाया और कथित तौर पर कहा कि जल्दी आओ, नहीं तो तुम्हारे बेटे को जान से मार देंगे।

इसके बाद मृतक के पिता मौके पर पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक, वहां लालचंद को कुछ लोगों ने घेरकर बीच में बैठा रखा था। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने सुबह स्कूल आने और वहीं बैठकर बातचीत करने की बात कही। इसके बाद पिता अपने पुत्र को वहां से घर ले आए।

इसके बाद नहर में छलांग लगाने का आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि कथित मारपीट और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर लालचंद ने बाद में इंदिरा गांधी मुख्य नहर की 466 आरडी में छलांग लगा दी। नहर में डूबने से उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि युवक के साथ घटना से पहले कथित तौर पर क्या हुआ और उसके बाद नहर में गिरने की परिस्थितियां क्या थीं, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

वहीं, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Advertisement
Share: