छत्तरगढ़ ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा एक्शन! पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, बाकी की तलाश जारी
छत्तरगढ़. छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के सुरजनवाली गांव में 16 जुलाई को हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद थानाधिकारी नवनीत सिंह एवं खाजूवाला वृत्ताधिकारी आकांक्षा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पीड़ित पक्ष की ओर से दर्ज मुकदमे के आधार पर पुलिस ने रहमत अली एवं सिकंदर खान को गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की विस्तृत जानकारी ली और जांच अधिकारियों को निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि इस हृदयविदारक वारदात में अली शेर पुत्र अबदे खां (55 वर्ष), जिंदू पुत्र याकूब (45 वर्ष) तथा करीम पुत्र जिंदू खां (30 वर्ष) की तेजधार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




