बज्जू के छिल्ला स्कूल में स्टाफ संकट, पूरे विद्यालय का संचालन सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे
बज्जू: ग्राम पंचायत छिल्ला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय इन दिनों गंभीर स्टाफ संकट से जूझ रहा है। विद्यालय में अधिकांश शिक्षकीय एवं प्रशासनिक पद लंबे समय से रिक्त पड़े होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में पहले कुल तीन कार्मिक कार्यरत थे। हाल ही में प्रधानाचार्य का स्थानांतरण हो गया। इसके बाद बचे दो कार्मिकों में से एक शिक्षक की ओबीसी सर्वेक्षण ड्यूटी लगा दी गई। ऐसे में वर्तमान समय में पूरे विद्यालय का संचालन केवल एक शिक्षक के भरोसे किया जा रहा है।
विद्यालय में व्याख्याता के तीन पद, लेवल द्वितीय के दो पद, सेकंड ग्रेड के सभी पद तथा उपप्रधानाचार्य (वाइस प्रिंसिपल) सहित कई महत्वपूर्ण पद रिक्त हैं। पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में नियमित कक्षाएं संचालित करना मुश्किल हो गया है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग से तत्काल रिक्त पदों को भरने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत छिल्ला के उपसरपंच गणेश सैन, हडवंत सिंह पूनूखा, रामेश्वर कासनियां, धनाराम सैन, मदन सिंह सोढा, केशर सिंह, मदन जाट, अमेदाराम सैन, उमाराम मेघवाल, विशाल सिंह सोढा, राजाराम सहित अन्य ग्रामीणों ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की है।



