बीकानेर, 15 अगस्त। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी संभाग कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से संवाद करते हुए आगामी नगर निगम, निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया।
CM भजनलाल का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया और भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
‘बीकानेर से मेरा पुराना और आत्मीय संबंध’
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनका बीकानेर से पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि वे बीकानेर के प्रत्येक कार्यकर्ता से परिचित हैं और संगठन में कई कार्यकर्ताओं के साथ काम कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की मजबूती को पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ काम करने का आह्वान किया।
निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर CM का फोकस
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगामी नगर निगम, निकाय एवं पंचायत चुनाव को लेकर जनप्रतिनिधियों, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। उन्होंने संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कार्यकर्ता चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटें। उन्होंने बीकानेर शहर और देहात में आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी जीत दिलाने के लिए संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी के अनुसार कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, बिहारीलाल विश्नोई, प्रदेश आईटी संयोजक अविनाश जोशी, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, विधायक विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, अंशुमान सिंह भाटी, जेठानंद व्यास, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जालम सिंह भाटी, सत्यप्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा, कुंभाराम सिद्ध सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा महामंत्री दिलीप राजपुरोहित, तोलाराम कूकना, कैलाश विश्नोई, कौशल शर्मा, श्याम सिंह हांडला, मीडिया संयोजक कमल गहलोत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री के इस संवाद कार्यक्रम को आगामी निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





