स्मैक केस में 2 महीने से फरार महिला आरोपी गिरफ्तार, दंतौर पुलिस ने दबोचा

09 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

स्मैक केस में 2 महीने से फरार महिला आरोपी गिरफ्तार, दंतौर पुलिस ने अनूपगढ़ से दबोचा

दंतौर। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत दंतौर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खाजूवाला थाने के स्मैक प्रकरण में करीब दो माह से फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आसूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को अनूपगढ़ से पकड़ा।

Advertisement

37.43 ग्राम स्मैक बरामदगी के मामले में थी वांछित

पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को खाजूवाला पुलिस ने गंगासिंह निवासी 10 केएलडी, खाजूवाला के कब्जे से 37.43 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद किया था। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच दंतौर थाने के थानाधिकारी सुरेन्द्र बारुपाल को सौंपी गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को मादक पदार्थ की अवैध खरीद-फरोख्त में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली। इसी मामले में राणों बाई पत्नी स्व. मनजीत सिंह पुलिस की जांच में वांछित चल रही थी।

दो महीने से पुलिस कर रही थी तलाश

पुलिस के मुताबिक आरोपी राणो बाई, उम्र 38 वर्ष, निवासी 27 ए, पुलिस थाना अनूपगढ़, जिला श्रीगंगानगर करीब दो महीने से फरार थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

आसूचना और तकनीकी जानकारी से अनूपगढ़ में पकड़ा

दंतौर पुलिस टीम ने आसूचना तंत्र और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद 7 सितंबर को अनूपगढ़ में दबिश देकर राणो बाई को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

मादक पदार्थ नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की अवैध खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और स्मैक प्रकरण में उसकी भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अनुसंधान के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा के निर्देशन में की गई।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल द्रोपती एवं कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे।

पुलिस अब मामले में गिरफ्तार महिला आरोपी की भूमिका और मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में आगे अनुसंधान कर रही है।

Share: