लूणकरणसर। बालाजी कॉलोनी के पास मिले हिरण के शव को लेकर बुधवार देर रात हंसेरा में प्रशासन और पैदल बीकानेर कूच कर रहे जीव प्रेमियों के बीच लंबी वार्ता हुई। अधिकारियों द्वारा ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद जीव प्रेमी हिरण के शव को वापस लूणकरणसर लाने पर सहमत हुए। इसके बाद शव को लेकर आई पिकअप को पुलिस थाने के सामने खड़ा कराया गया, जहां जीव प्रेमी धरने पर बैठे हुए हैं।
क्षेत्रीय वन अधिकारी को हटाने की मांग
जीव प्रेमियों का आरोप है कि हिरण का शव मिलने और घटनास्थल के पास स्थित एक ढाणी से चाकू-छुरे तथा हिरण के तीन सींग बरामद होने के बावजूद क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहिनी देवी मौके पर नहीं पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने केवल दो वनपालों को भेजकर शव मंगवा लिया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इससे पहले कांकड़वाला में हुए वन्यजीव शिकार प्रकरण में भी जीव प्रेमियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया था और शिकारियों के बजाय जीव प्रेमियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का प्रयास किया गया। इसी कारण इस बार क्षेत्रीय वन अधिकारी को हटाने की मांग की जा रही है।
लिखित आश्वासन मिलने तक नहीं होगा पोस्टमार्टम
प्रशासन की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद हिरण के शव को वापस लूणकरणसर लाया गया, लेकिन जीव प्रेमी अभी भी धरने पर डटे हुए हैं। फिलहाल हिरण का शव पुलिस थाने के सामने पिकअप में रखा हुआ है।
जीव प्रेमियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक क्षेत्रीय वन अधिकारी को हटाने का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक वे हिरण के शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा समाधान के प्रयास जारी हैं।




