देशनोक में खेत की डिग्गी में डूबे तीन बच्चे, बचाने कूदा 17 वर्षीय किशोर भी डूबा

22 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

देशनोक में खेत की डिग्गी में डूबे तीन बच्चे, बचाने कूदा 17 वर्षीय किशोर भी डूबा

बीकानेर। देशनोक में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसा ओरण परिक्रमा रोड स्थित एक खेत में सोमवार शाम करीब 5:30 बजे हुआ। मृतकों में 7 वर्षीय कृष, 4 वर्षीय कार्तिक और 17 वर्षीय पंकज शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, डिग्गी में कृष और कार्तिक डूबने लगे थे। उन्हें बचाने के लिए पंकज भी पानी में कूद गया, लेकिन वह भी डूब गया। हादसे में तीनों की मौत हो गई।

बच्चे दिखाई नहीं दिए तो शुरू की तलाश

परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे बच्चे आसपास दिखाई नहीं दिए तो उनकी तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान खेत में बनी पानी की डिग्गी के पास कुछ हलचल नजर आई। परिजनों ने वहां पहुंचकर देखा तो कृष और कार्तिक पानी में डूब चुके थे। उन्हें बचाने के प्रयास में पंकज भी डिग्गी में उतर गया और पानी में डूब गया।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। तीनों बच्चों को देशनोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

10 दिन से खेत में रह रहा था परिवार

परिजनों के अनुसार, तीनों बच्चे हरियाणा के हिसार जिले की आदमपुर तहसील क्षेत्र के रहने वाले थे। परिवार करीब 10 दिन पहले नरमा कटाई के सिलसिले में देशनोक क्षेत्र के एक खेत में आया था और वहीं रह रहा था।

सीएचसी में बिलखते रहे परिजन

तीनों बच्चों की मौत की खबर के बाद देशनोक सीएचसी में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में मातम छा गया। अस्पताल परिसर में परिजन बच्चों के शवों से लिपटकर बिलखते नजर आए। एक साथ तीन बच्चों की मौत से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

Share: