चुनावी हलचल के बीच भाटी का बड़ा बयान, रांका को लेकर कही ऐसी बात

01 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी ने बीकानेर सहित दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में बारिश की कमी से बने हालात और किसानों की फसल खराबे का मुद्दा उठाकर सरकार से तत्काल राहत की मांग की है। भाटी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अकाल राहत कार्य शुरू करने, पशु सेवा केंद्र खोलने और प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल व चारे की व्यवस्था करने की मांग की है।

Advertisement

भाटी ने कहा कि बीकानेर जिले के कई इलाकों में बारिश की कमी के चलते बारानी और नहरी दोनों क्षेत्रों के किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है। दूसरी ओर पशुधन के लिए भी चारे और पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। उन्होंने सरकार से समय रहते प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

कातरा रोग से फसल खराबे पर उठाए सवाल

पूर्व मंत्री ने कोलायत विधानसभा क्षेत्र में कातरा यानी लट के प्रकोप से खराब हुई फसलों का मुद्दा भी उठाया। भाटी के अनुसार कई गांवों में मूंग, मोठ और ग्वार की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। उन्होंने प्रशासन की ओर से किए गए फसल खराबे के सर्वे पर सवाल उठाते हुए दोबारा खेतवार गिरदावरी करवाने की मांग की है।

भाटी का कहना है कि वास्तविक नुकसान और प्रशासनिक सर्वे के आंकड़ों में अंतर है। ऐसे में प्रभावित किसानों को वास्तविक नुकसान के आधार पर मुआवजा मिलना चाहिए।

रांका के टिकट पर भाटी का बड़ा बयान

वहीं बीकानेर नगर निगम चुनाव के दौरान भाजपा नेता महावीर रांका के टिकट को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी देवी सिंह भाटी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। रांका को लेकर भाटी ने कहा कि वे लोकप्रिय नेता हैं और उन्हें टिकट मांगने की जरूरत ही क्या है।

भाटी ने कहा कि महावीर रांका लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहे हैं और लोगों के सुख-दुख में शामिल होते रहे हैं। उनके इस बयान को नगर निगम चुनाव में भाजपा के टिकट विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में दावेदारों के बीच खींचतान देखने को मिल रही है। ऐसे में भाटी का रांका के समर्थन में सामने आना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अकाल के मुद्दे पर सरकार को चेताया

देवी सिंह भाटी ने सरकार से मांग की है कि संभावित अकाल की स्थिति को देखते हुए ग्राम स्तर पर राहत कार्य, चारागाह विकास, चारा डिपो और पशु सेवा केंद्र जैसी व्यवस्थाएं समय रहते शुरू की जाएं। उनका कहना है कि यदि समय पर कदम नहीं उठाए गए तो किसानों के साथ-साथ पशुधन के सामने भी बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।

अब एक तरफ बीकानेर में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ बारिश की कमी और फसल खराबे का मुद्दा भी चुनावी चर्चा का हिस्सा बनता नजर आ रहा है। ऐसे में देवी सिंह भाटी के बयान आने वाले दिनों में बीकानेर की चुनावी राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकते हैं।

Advertisement
Share: