बोलेरो कैंपर-ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल

26 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

दियातरा में बोलेरो कैंपर-ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल

श्रीकोलायत। दियातरा गांव में नेशनल हाईवे-11 पर बाबा रामदेव मंदिर के सामने बोलेरो कैंपर और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो कैंपर सवार तीन लोग घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर चालक को चोट नहीं आई।

Advertisement

बोलेरो कैंपर में सिंन्दा निवासी वीरेंद्र सिंह पुत्र देवीसिंह, पप्पूराम पुत्र रघाराम और उदट निवासी रूपाराम पुत्र कुम्भाराम सवार थे। तीनों को हादसे में चोटें आईं। ट्रैक्टर में एक व्यक्ति सवार था, जो सुरक्षित रहा। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चानी गांव का है।

ग्रामीणों ने निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण विजय सिंह, अर्जुन सिंह, मनोज कुमार नायक और गबरू सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायलों को निजी वाहनों से श्रीकोलायत अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को आगे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर कर दिया गया।

हाईवे पर यातायात हुआ प्रभावित

टक्कर के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर खड़े रहने से हाईवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में ऑपरेटर मनोज कुमार नायक ने जेसीबी की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

सूचना मिलने पर कोलायत थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।

Advertisement
Share: