खेत में पानी देते समय किसान को लगा करंट, 32 वर्षीय युवक की मौत

01 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

नापासर। नापासर थाना क्षेत्र में खेत में कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। हादसा रविवार देर रात रोही सिंथल स्थित खेत में हुआ। मृतक खेत में ट्यूबवेल की मोटर चलाकर फसल में पानी दे रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से उसकी हालत गंभीर हो गई।

Advertisement

मोटर चलाकर फसल में दे रहा था पानी

मृतक के भाई सीताराम पुत्र हड़मानाराम मेघवाल, निवासी जसरासर ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार उसका भाई चंवरूराम पुत्र हड़मानाराम मेघवाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी जसरासर, सिंथल स्थित सहीराम जाट के खेत में ट्यूबवेल से फसल में पानी लगाने के लिए मोटर चला रहा था।

इसी दौरान अचानक चंवरूराम बिजली के करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए नापासर अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

नापासर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चंवरूराम को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार युवक की मौत खेत में कृषि कार्य के दौरान ट्यूबवेल की मोटर चलाते समय करंट लगने से हुई।

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग

घटना की सूचना मिलने के बाद नापासर थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और बिजली के करंट लगने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share: