राजस्थान के चार जिलों में जांच दलों ने खंगाले रिकॉर्ड, कैंसर के लाखों रुपये के टीकों का मामला

20 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

राजस्थान के बीकानेर सहित अन्य जिलों में जांच दलों ने रिकॉर्ड खंगाले है। कैंसर मरीजों के लाखों रुपये कीमत वाले टीकों की कालाबाजारी के मामले की जांच अब राजस्थान के चार जिलों तक पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा से मिली सूचना के बाद राजस्थान चिकित्सा सेवा निगम लिमिटेड ने छह मेडिकल कॉलेजों और उनसे जुड़े औषधि भंडारगृहों में जांच शुरू कर दी है। इसके लिए गठित विशेष जांच दल बीकानेर, जयपुर, जोधपुर और उदयपुर के चिकित्सा संस्थानों में टीकों से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। चिकित्सा विभाग ने जांच के लिए तीन दल गठित किए हैं। प्रत्येक दल में एक डॉक्टर और एक फार्मासिस्ट को शामिल किया गया है।

Advertisement

जयपुर स्थित एसएमएस मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर शिप्रा सिंह और फार्मासिस्ट मनीष मित्तल जांच कर रहे हैं। उदयपुर में डॉक्टर भवानी सिंह और फार्मासिस्ट अंकुर गोयल पड़ताल में जुटे हैं। वहीं बीकानेर और जोधपुर में डॉक्टर संदीप कुमार चौहान तथा फार्मासिस्ट देवेंद्र सैन रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। जांच दल टीकों के बैच नंबर के आधार पर यह पता लगा रहे हैं कि संबंधित टीके कब अस्पताल पहुंचे और किन मरीजों को लगाए गए। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टीके पहले भंडारगृह से उप-केंद्रों और फिर अस्पताल के वितरण केंद्र तक पहुंचते हैं। यहां उप-अधीक्षक और संबंधित डॉक्टर की स्वीकृति के बाद मरीज को टीका लगाया जाता है। 

जांच टीम इस आशंका की भी पड़ताल कर रही है कि टीके सीधे वितरण केंद्र से गायब किए गए या फिर असली दवा निकालकर मरीजों को फर्जी टीके लगाए गए। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने टीकों के खरीद आदेश की प्रति और विक्रेता-वितरक से संबंधित रिपोर्ट भी मांगी है।

Share: