गजनेर में डंपर चढ़ाकर युवक की हत्या, महिला गंभीर घायल; आरोपी डिटेन

21 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

गजनेर में डंपर चढ़ाकर युवक की हत्या, महिला गंभीर घायल; आरोपी डिटेन

गजनेर। गजनेर थाना क्षेत्र के शरह किशनायत में सोमवार को युवक पर डंपर चढ़ाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना में एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे उपचार के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान सूरजड़ा निवासी पुनमराम के रूप में बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई वीरेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक का शव गजनेर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

बकरी चोरी के विवाद में वारदात की आशंका

थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे बकरी चोरी को लेकर विवाद हो सकता है। पुलिस के अनुसार इससे पहले आरोपी बाबूराम नायक निवासी डेह पर मृतक की बकरी चोरी कर ले जाने की बात सामने आई थी। इसी विवाद को लेकर हत्या की वारदात होने की आशंका जताई जा रही है।

खान से डंपर लेकर वारदात करने की आशंका

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में बाबूराम नायक द्वारा डंपर चढ़ाकर वारदात को अंजाम देने की आशंका है। बताया जा रहा है कि आरोपी पुष्पेंद्र सिंह की खान से चाबी लगा डंपर लेकर आया और घटना के बाद डंपर को पास में खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंपर बरामद कर लिया है।

एक आरोपी डिटेन, जांच जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को डिटेन किया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। महिला के घायल होने की परिस्थितियों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक के बेटे जेठाराम की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों की जांच में जुटी है।

Share: