बीकानेर। बीकानेर की ऐतिहासिक धरोहर गजनेर पैलेस में चोरी का मामला सामने आया है। पैलेस परिसर स्थित सरदार निवास में अज्ञात चोर कमरे का ताला तोड़कर पुराने और कीमती पीतल, तांबा व कांसे के बर्तन सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद गजनेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ताला टूटा मिला, अंदर का सामान गायब
जानकारी के अनुसार सरदार निवास परिसर के एक कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। जब कमरे की जांच की गई तो अंदर रखा सामान गायब था। चोर पुराने पीतल, तांबा और कांसे के कीमती बर्तन अपने साथ ले गए। इसके अलावा प्लास्टर चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है। चोरी हुए बर्तनों को काफी पुराना और ऐतिहासिक महत्व का बताया जा रहा है।
मैनेजर ने दर्ज कराई एफआईआर
गजनेर पैलेस के मैनेजर नारायण सिंह राठौड़ ने गजनेर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट में किसी पर संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
रविवार शाम मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पैलेस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
बीकानेर की ऐतिहासिक पहचान है गजनेर पैलेस
गजनेर पैलेस बीकानेर की सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है। शहर से करीब 27 किलोमीटर दूर गजनेर झील के किनारे स्थित यह महल कभी बीकानेर रियासत की शाही शिकारगाह हुआ करता था। महाराजा गंगा सिंह द्वारा वर्ष 1910 से 1913 के बीच गुलाबी बलुआ पत्थर से निर्मित यह पैलेस आज देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ऐतिहासिक धरोहर में हुई इस चोरी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।




