डंपर से कुचलकर युवक की मौत के बाद धरना जारी, परिवार को 1 करोड़ मुआवजा-नौकरी की मांग

23 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

डंपर से कुचलकर युवक की मौत के बाद धरना जारी, परिवार को 1 करोड़ मुआवजा-नौकरी की मांग

बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र के शरह किशनायत में डंपर से कुचलकर सूरजड़ा निवासी पूनमराम मेघवाल की मौत के मामले में मंगलवार को भी सीएचसी कोलायत की मोर्चरी के बाहर सर्व समाज का धरना जारी रहा। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार के लिए एक करोड़ रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और जमीन देने की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने मामले में आरोपी बाबूलाल नायक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी मृतक के परिवार और सर्व समाज के लोगों में आक्रोश बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अब मामले में जल्द कानूनी कार्रवाई पूरी की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

विशेष कोर्ट में सुनवाई की मांग

धरने पर बैठे लोगों ने मामले की सुनवाई विशेष कोर्ट में करवाने और आरोपी को जल्द सजा दिलाने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परिवार को आर्थिक सहायता के साथ न्याय भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

मोर्चरी के बाहर चल रहे धरने में क्षेत्र के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। धरना स्थल पर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और न्याय दिलाने की मांग उठाई जा रही है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता, सरकारी नौकरी और जमीन देने की मांग पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

Share: