गजनेर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत गजनेर पुलिस और एएनटीएफ बीकानेर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 5 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार ने शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान पंजाब निवासी दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान गुरदीप सिंह निवासी बठिंडा, पंजाब के कब्जे से 2.190 किलोग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी दर्शन सिंह निवासी फाजिल्का, पंजाब के कब्जे से 3.160 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
गजनेर पुलिस और एएनटीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।




