बज्जू. बज्जू क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोलासर पश्चिम में सोमवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का ग्रामीणों ने बहिष्कार कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गांव में भीषण पेयजल संकट बना हुआ है, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसके अलावा गांव में लगातार हो रही बिजली के तार चोरी की घटनाओं से भी लोगों में भारी नाराजगी है।
इन दोनों प्रमुख समस्याओं के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचे और सेवा शिविर का बहिष्कार करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव में पेयजल आपूर्ति को सुचारु किया जाए तथा बिजली के तार चोरी की घटनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान सरपंच फूसाराम नायक, लाल सिंह, भीयाराम राईका, उगम सिंह, मगाराम, हुकमाराम मेघवाल, शिव सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




