बड़ी कार्रवाई: 3 टैंकरों से 1.20 लाख लीटर अवैध स्प्रिट बरामद, 4 गिरफ्तार

30 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

महाजन में बड़ी कार्रवाई: 3 टैंकरों से 1.20 लाख लीटर अवैध स्प्रिट बरामद, 4 गिरफ्तार

महाजन। आबकारी विभाग ने विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन टैंकरों से करीब 1 लाख 20 हजार लीटर अवैध स्प्रिट बरामद की है। कार्रवाई बीकानेर-हनुमानगढ़ जिले की सीमा के पास जैतपुर क्षेत्र में की गई। मामले में आबकारी विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि हाईवे किनारे स्प्रिट से भरे टैंकर खड़े हैं। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची तो कुछ लोग टैंकरों से ड्रमों में स्प्रिट निकालते हुए मिले। तलाशी के दौरान तीनों टैंकरों से करीब 40-40 हजार लीटर स्प्रिट बरामद हुई। इसके अलावा ड्रमों में भरी करीब 600 लीटर स्प्रिट भी जब्त की गई।

पंजाब से गुजरात ले जाने की प्रारंभिक जानकारी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि स्प्रिट पंजाब से भरकर सुजानपुर होते हुए गुजरात के सिधपुर-पाटन ले जाई जा रही थी। हालांकि स्प्रिट की तस्करी और इसके उपयोग से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

चार आरोपी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त स्प्रिट और टैंकरों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आबकारी विभाग ने आबकारी थाना लूणकरणसर में राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धारा 16/54 व 54ए के तहत मामला दर्ज किया है। विभाग आरोपियों से पूछताछ कर स्प्रिट की सप्लाई और परिवहन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रहा है।

विशेष अभियान के तहत कार्रवाई

यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त नमित मेहता के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त आबकारी आयुक्त बीकानेर जोन मनीषा लेघा के आदेश और उपायुक्त आबकारी निरोधक दल पोमाराम रोहिण के निर्देशन में की गई।

जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी और सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में प्रहराधिकारी लूणकरणसर आबकारी थाना भगाराम ईनाणियां ने जाप्ते के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में आबकारी थाना खाजूवाला के प्रहराधिकारी जयदयाल का भी विशेष योगदान रहा।

Advertisement
Share: