इंदिरा गांधी नहर की 585 आरडी पर 55 वर्षीय व्यक्ति लापता, पटरी पर मिले मोबाइल और जूते; नहर में तलाश की तैयारी
बीकानेर | Aapni Awaj
बीकानेर जिले के छतरगढ़ क्षेत्र में इंदिरा गांधी मुख्य नहर की 585 आरडी पर शनिवार सुबह एक व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। सत्तासर निवासी 55 वर्षीय बुधराम नायक का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। नहर की पटरी के पास उनका मोबाइल और जूते मिलने के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने उनके नहर में गिरने की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, सत्तासर के पूर्व सरपंच बरकत अली ने बताया कि बुधराम नायक गांव के पास अपने खेत में रहते थे। शनिवार सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि नहर की पटरी के पास एक व्यक्ति का मोबाइल और जूते पड़े हैं। सूचना मिलने पर पूर्व सरपंच बरकत अली सहित ग्रामीण दौलतराम डेलू और नंदू सुथार मौके पर पहुंचे। जांच में मोबाइल और जूते बुधराम नायक के होने की पुष्टि हुई।
परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास की जगहों पर की तलाश
मोबाइल और जूते मिलने के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारियों में भी बुधराम नायक की तलाश की, लेकिन देर तक उनका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों को आशंका है कि वे नहर में गिर गए होंगे।
घटना की सूचना मिलने पर छतरगढ़ पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल परिजन और ग्रामीण एसडीआरएफ टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि नहर में तलाश अभियान शुरू किया जा सके।
जनप्रतिनिधियों ने परिवार को बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने पर खारवाली के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि इल्गदीन और छतरगढ़ सरपंच छगन मेघवाल भी पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
फिलहाल बुधराम नायक का पता नहीं चल पाया है। नहर में तलाश अभियान शुरू होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






