ससुराल से लौट रहा था परिवार… हाईवे पर 3 चचेरे भाइयों को पिकअप ने रौंदा, तीनों की दर्दनाक मौत

04 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

ससुराल से लौट रहा था परिवार... हाईवे पर 3 चचेरे भाइयों को पिकअप ने रौंदा, तीनों की दर्दनाक मौत

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर जिले के बालेसर क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर आगोलाई स्थित कालका माता मंदिर के पास हुआ।

सड़क किनारे खड़े थे, तभी मचा मौत का तांडव

पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार पिकअप ने पहले सड़क किनारे खड़ी बोलेरो को टक्कर मारी और फिर उसके पास खड़े तीन युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बोलेरो में सवार दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।

पत्नी और बच्चों को लेने गया था दयालनाथ

बालेसर थाना प्रभारी मूल सिंह भाटी ने बताया कि मृतकों की पहचान राजूनाथ (28), दयालनाथ (27) और प्रकाशनाथ (25) के रूप में हुई है। तीनों जोधपुर जिले के गंगाणा चोखा गांव के निवासी और आपस में चचेरे भाई थे।

जानकारी के अनुसार दयालनाथ अपनी पत्नी और पांच बच्चों को ससुराल टिबड़ी गांव से वापस लाने गया था। उसके साथ बड़ा भाई माणकनाथ, चचेरा भाई राजूनाथ और प्रकाशनाथ भी बोलेरो में सवार थे। वाहन में कुल 10 लोग, जिनमें एक महिला और पांच बच्चे शामिल थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Share: