वर्क फ्रॉम होम के नाम पर लड़कियों को फंसाया, 30 न्यूड वीडियो मिले; 200 से ज्यादा का डेटा बरामद

02 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

जोधपुर। वर्क फ्रॉम होम के नाम पर युवतियों को जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो हासिल करने और ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर सेल की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मुंबई से गिरोह के मुख्य आरोपी समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान फैजान अहमद और आमीर हुसैन के रूप में हुई है। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल से करीब 30 युवतियों के न्यूड वीडियो और चैटिंग बरामद होने की बात सामने आई है। इसके अलावा 200 से अधिक युवतियों का डेटा भी पुलिस को मिला है।

स्नैपचैट पर वर्क फ्रॉम होम का विज्ञापन देकर फंसाया

जोधपुर ग्रामीण एसपी पंकज यादव के अनुसार 31 अगस्त 2026 को जोधपुर ग्रामीण के महिला थाने में 18 वर्षीय पीड़िता ने मामला दर्ज कराया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसने स्नैपचैट पर वर्क फ्रॉम होम का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद आरोपी ने उससे संपर्क किया और आईडी प्रूफ व हस्ताक्षर ले लिए।

शुरुआत में उसे फ्लिपकार्ट और अमेजॉन जैसे प्लेटफॉर्म पर रिव्यू देने तथा इंस्टाग्राम रील्स को लाइक और शेयर करने के टास्क दिए गए। इसके बाद ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर आरोपियों ने उसके न्यूड फोटो और वीडियो हासिल कर लिए।

न्यूड वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल

पीड़िता के अनुसार फोटो और वीडियो हासिल करने के बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे ऐंठने का आरोप है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दिसंबर 2025 में मुख्य आरोपी जोधपुर आया और उसे एक होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग का सिलसिला जारी रहा। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

गैस सिलेंडर डिलीवरी बॉय बनकर आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। तकनीकी जांच में आरोपियों की लोकेशन मुंबई में सामने आई। पुलिस टीम ने करीब दो दिन तक वहां रेकी की और इसके बाद वेश बदलकर कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को शिवाजी नगर, मानखुर्द निवासी 23 वर्षीय फैजान अहमद को गिरफ्तार किया गया। टीम गैस सिलेंडर डिलीवरी बॉय बनकर आरोपी तक पहुंची। फैजान से पूछताछ के बाद पुलिस ने 28 सितंबर को 24 वर्षीय आमीर हुसैन को भी गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल में 30 युवतियों के वीडियो, 200 से ज्यादा का डेटा

एसपी पंकज यादव के अनुसार पुलिस जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से करीब 30 युवतियों के न्यूड वीडियो और चैटिंग मिली है। आरोपियों ने एक कंपनी के नाम से प्रोफाइल बना रखी थी। पुलिस को उनके पास 200 से अधिक युवतियों का डेटा मिला है। इनमें राजस्थान की करीब 10 और मुंबई की 50 से अधिक युवतियां शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार गिरोह के खिलाफ मुंबई के मरीन ड्राइव थाने में भी मामला दर्ज है। फिलहाल महिला थाना पुलिस अन्य संभावित पीड़ित युवतियों और उनके परिजनों से संपर्क कर काउंसलिंग तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

एसपी ने की सावधान रहने की अपील

जोधपुर ग्रामीण एसपी पंकज यादव ने लोगों से वर्क फ्रॉम होम या नौकरी के नाम पर सोशल मीडिया पर आने वाले अनजान विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अनजान लोगों के साथ अपने दस्तावेज, फोटो, वीडियो या ओटीपी साझा नहीं करें।

साइबर ब्लैकमेलिंग की स्थिति में घबराने या पैसे देने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल किया जा सकता है या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज की जा सकती है।

Advertisement
Share: