खाजूवाला। बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र के 2 जीडब्ल्यूएम (गुल्लूवाला) गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। खेत के चारों ओर लगाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
झटका मशीन को सीधे बिजली लाइन से जोड़ने का आरोप
जानकारी के अनुसार किसान ने फसल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर झटका मशीन लगा रखी थी। सामान्यतः ऐसी मशीनें डीसी करंट से संचालित होती हैं, लेकिन आरोप है कि इस मामले में झटका मशीन को सीधे विद्युत लाइन से जोड़ दिया गया था। इसी दौरान खेत के पास पहुंची गाय करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों में रोष, कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गाय की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस और पशु चिकित्सकों को दी गई सूचना
घटना की सूचना पुलिस और पशु चिकित्सकों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




