खाजूवाला पालिकाध्यक्ष बने मंगल सिंह रामगढ़िया, भाजपा को 12 वोट
खाजूवाला। खाजूवाला नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के मंगल सिंह रामगढ़िया ने जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी मंगल सिंह को 12 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रेणु सहारण को 8 वोट प्राप्त हुए। निर्वाचन एवं उपखण्ड अधिकारी प्रभजोत सिंह गिल ने परिणाम की जानकारी दी।
वार्ड 10 से जीतकर पहुंचे थे पार्षद
मंगल सिंह रामगढ़िया वार्ड नंबर 10 से पार्षद का चुनाव जीतकर नगर पालिका पहुंचे थे। इसके बाद भाजपा ने उन्हें अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया। अध्यक्ष पद के चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद मंगल सिंह रामगढ़िया खाजूवाला नगर पालिका के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
भाजपा के 11, कांग्रेस के 8 और एक निर्दलीय पार्षद
खाजूवाला नगर पालिका के 20 वार्डों के चुनाव परिणाम में भाजपा के 11, कांग्रेस के 8 और एक निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। अध्यक्ष पद के मतदान में मंगल सिंह को 12 और रेणु सहारण को 8 वोट मिले।
पुलिस का कड़ा बंदोबस्त
चुनाव को लेकर नगर पालिका परिसर में सुरक्षा के लिए पुलिस का कड़ा बंदोबस्त रहा। खाजूवाला सीओ विजयपाल यादव, सीआई अशोक बिश्नोई और दंतौर सीआई सुरेंद्र बारूपाल के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता तैनात रहा। मतदान और मतगणना के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
मंगल सिंह के अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। अब नई पालिका बोर्ड के सामने शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी होगी।




