19 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप - पिता की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

07 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। श्रीकोलायत थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने पुलिस थाने पहुंचकर एक युवक पर उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

रात 3:30 बजे घर से गायब हुई युवती

युवती के पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी 5 सितंबर की रात करीब 3:30 बजे घर पर सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान राजू मीणा नाम का व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले गया।

पिता ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी से संबंधित कुछ मोबाइल नंबर भी उनके पास हैं। पुलिस अब इन नंबरों और युवती से जुड़े मोबाइल संपर्कों की जांच कर रही है।

मोबाइल के जरिए होती थी बातचीत

रिपोर्ट के अनुसार, 3 सितंबर को लड़की के पास एक मोबाइल फोन मिला था। पिता का आरोप है कि इसी फोन के जरिए उनकी बेटी की राजू मीणा से बातचीत होती थी। इसके बाद 5 सितंबर की रात युवती के घर से चले जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

परिजनों ने आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन युवती का पता नहीं चल सका। काफी प्रयासों के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर परिवार पुलिस थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

युवती के पिता ने पुलिस से उनकी बेटी को जल्द तलाशने और मामले में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी के लापता होने के बाद परिवार परेशान है।

रिपोर्ट मिलने के बाद श्रीकोलायत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई ओमप्रकाश को सौंपी गई है।

Share: